महिलाओं की बराबरी हासिल करने में 123 साल लगेंगे
वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम ने अपनी ग्लोबल जेंडर गैप रिपोर्ट 2025 जारी की है, जिसमें दुनिया के 148 देशों में महिलाओं और पुरुषों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक अवसर और राजनीतिक सशक्तिकरण के अंतर को मापा गया है.

दुनिया में जेंडर गैप
2025 में औसतन 148 देशों ने मिलकर 68.8 फीसदी जेंडर गैप कम किया है. यानी अभी भी करीब 31 फीसदी खाई बाकी है. मौजूदा रफ्तार से पूरी बराबरी पाने में 123 साल लगेंगे.
शिक्षा और स्वास्थ्य में बराबरी
शिक्षा (95.1%) और स्वास्थ्य (96.2%) में लगभग बराबरी हो चुकी है. लेकिन ये बराबरी आर्थिक अवसर और राजनीतिक शक्ति में दिखाई नहीं देती.
आर्थिक अवसरों में सबसे बड़ी खाई
महिलाओं और पुरुषों के बीच आर्थिक भागीदारी का अंतर अब भी बड़ा है. सिर्फ 61 फीसदी अंतर कम हुआ है. मौजूदा गति से चलते हुए इसे पूरी तरह खत्म करने में 135 साल लगेंगे.
राजनीतिक सशक्तिकरण सबसे पीछे
राजनीतिक सशक्तिकरण में केवल 22.9 फीसीदी अंतर कम हो पाया है. यह सबसे धीमी प्रगति वाला क्षेत्र है और मौजूदा रफ्तार से इसमें 162 साल लगेंगे.
टॉप 10 देश
आइसलैंड (92.6%) लगातार 16 साल से इन देशों में सबसे ऊपर है. टॉप 10 में ज्यादातर यूरोप के देश हैं, जैसे फिनलैंड, नॉर्वे, स्वीडन, जर्मनी और आयरलैंड. इनके अलावा न्यूजीलैंड, नामीबिया और मोल्दोवा भी इनमें शामिल हैं.
सबसे नीचे के देश
पाकिस्तान (56.7 फीसदी) सबसे नीचे है. उसके बाद सूडान, चाड और ईरान आते हैं. इन देशों में महिलाओं की आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी बेहद कम है.
भारत की स्थिति
2025 की रिपोर्ट में भारत 148 देशों में 131वें स्थान पर है और उसका स्कोर 64.4% है. शिक्षा (97.1%) और स्वास्थ्य (95.4%) में भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन आर्थिक भागीदारी (40.7%, 144वां स्थान) और राजनीतिक सशक्तिकरण (24.5%, 69वां स्थान) में अभी भी बड़ी खाई है. कुल मिलाकर, शिक्षा में बराबरी दिखती है लेकिन रोजगार और राजनीति में महिलाएं काफी पीछे हैं.
क्षेत्रीय स्थिति
नॉर्थ अमेरिका (75.8%), यूरोप (75.1%) और लैटिन अमेरिका (74.5%) सबसे आगे हैं. वहीं दक्षिण एशिया (64.6%) और मिडिल ईस्ट व नॉर्थ अफ्रीका (61.7%) सबसे पीछे हैं.
अच्छी बात
2006 से अब तक औसतन हर देश ने 6 प्रतिशत अंक की प्रगति की है. खासकर महिलाओं की उच्च शिक्षा, नेतृत्व पदों और संसद में भागीदारी में लगातार सुधार हुआ है.
बड़ी चुनौतियां
कानूनी ढांचे होने के बावजूद उनका सही लागू न होना, करियर में रुकावटें, और महिलाओं पर देखभाल की जिम्मेदारियों का बोझ बराबरी की राह में सबसे बड़ी बाधाएं बनी हुई हैं.